गांधी नगर में ठेले, पान पार्लर और गुमठियां हटाईं; सुभाष नगर में अवैध अहाता तोड़ा
भोपाल, 11 सितंबर । शहर में अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। शुक्रवार को निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने गांधी नगर सहित कई क्षेत्रों में कार्रवाई कर सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों से अतिक्रमण हटाए। इस दौरान ठेले, पान पार्लर, गुमठियां, कैरेड, तिरपाल सहित करीब 9 ट्रक सामान जब्त किया गया।
निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर यह कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन, कॉल सेंटर और अन्य माध्यमों से मिली शिकायतों के आधार पर की गई। गांधी नगर क्षेत्र में सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से लगाए गए ठेले, पान पार्लर, गुमठियां और अन्य सामान हटाया गया।
सुभाष नगर में अवैध अहाता तोड़ा
सुभाष नगर क्षेत्र में निगम की टीम ने अवैध रूप से बनाए गए एक अहाते को तोड़ दिया। यहां से टेबल, कुर्सियां, डिस्पोजल और अन्य सामान जब्त किया गया।
निगम की टीमों ने अवधपुरी, अयोध्या बायपास, खजूरी, रायसेन रोड, अशोका गार्डन, पंजाबी बाग, बागमुगालिया, ओम नगर, लिंक रोड नंबर-1, 2 और 3, नेहरू नगर चौराहा, रॉयल मार्केट, नादरा बस स्टैंड, ईदगाह हिल्स, करोंद और अन्य क्षेत्रों में भी कार्रवाई की।
अवैध चबूतरे और अस्थाई निर्माण हटाए
ईदगाह हिल्स-वाजपेयी नगर में अवैध रूप से बनाया गया अस्थाई ईंट का कमरा तोड़ा गया। करोंद हाउसिंग बोर्ड में मकान के बाहर बनाए गए दो अवैध चबूतरों को हटाया गया। रायसेन रोड स्थित बाल विहार शिव मंदिर के पास सर्विस रोड पर रखा मलबा भी हटवाया गया।
अवधपुरी और अयोध्या बायपास में आवागमन में बाधक सात चार पहिया वाहनों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान दो ठेले, एक पान पार्लर, पांच स्टैंड बोर्ड, 35 कैरेड और तीन लोहे के पाइप फ्रेम सहित अन्य सामान जब्त किया गया।
निगम अधिकारियों के अनुसार, सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण कर आवागमन बाधित करने और अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
