PoliticsState

राहुल गांधी के जन्मदिवस पर कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ ने लगाया स्वास्थ्य जांच शिविर, लोगों को मिला निःशुल्क परामर्श

भोपाल। राहुल गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा भोपाल में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवाओं और आम नागरिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया तथा चिकित्सकों से आवश्यक परामर्श प्राप्त किया।

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी शामिल हुए। उन्होंने उपस्थित युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच मिठाई वितरित की तथा राहुल गांधी के स्वस्थ, दीर्घायु और सफल जीवन की कामना की।

जनसेवा को प्राथमिकता देती है कांग्रेस : पटवारी

जीतू पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं और आम नागरिकों के अधिकारों के लिए संघर्ष करना कांग्रेस की विचारधारा का हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और इसी भावना के तहत राहुल गांधी के जन्मदिवस को सेवा एवं समर्पण दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और जरूरतमंदों को चिकित्सकीय सलाह उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।

स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना शिविर का उद्देश्य

चिकित्सा प्रकोष्ठ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र धाकड़ ने बताया कि शिविर का उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराना था। उन्होंने कहा कि चिकित्सा प्रकोष्ठ भविष्य में भी समाज हित से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी, मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, पूर्व मंत्री पी. सी. शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्र जोशी, डॉ. विक्रम चौधरी, कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला, चिकित्सा प्रकोष्ठ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र धाकड़ और युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमित खत्री सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने राहुल गांधी के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की तथा जनसेवा के संकल्प को दोहराया।

Related Articles