
भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर प्रदेश में मूंग खरीद की धीमी रफ्तार पर चिंता जताई है। उन्होंने किसानों के हित में तत्काल बड़े पैमाने पर मूंग खरीदी शुरू करने की मांग की है।
कमलनाथ ने अपने पत्र में कहा कि मध्य प्रदेश देश का सबसे बड़ा मूंग उत्पादक राज्य है। उनके अनुसार, केंद्र सरकार ने वर्ष 2025-26 के लिए मध्य प्रदेश से 4.54 लाख मीट्रिक टन मूंग खरीद का कोटा निर्धारित किया है। उन्होंने दावा किया कि विभिन्न समाचार माध्यमों के अनुसार 16 जुलाई तक निर्धारित कोटे का केवल 2 प्रतिशत ही खरीदा गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी खरीद धीमी होने के कारण किसानों को अपनी उपज औने-पौने दाम पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उनका कहना है कि जब केंद्र सरकार ने देश की कुल मूंग खरीद का 87 प्रतिशत कोटा मध्य प्रदेश के लिए निर्धारित किया है, तब राज्य में खरीद की गति बेहद धीमी होना किसानों के साथ अन्याय है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर मूंग खरीद प्रक्रिया में तेजी लाएं, ताकि किसानों को राहत मिल सके और उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त हो।





