मकानों की तोड़फोड़ पर जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, पीड़ितों के पुनर्वास की मांग

इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी और भोपाल के जनता क्वार्टर का मामला उठाया, भू-माफिया और प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग
भोपाल। इंदौर और भोपाल में हाल ही में हुई मकानों की तोड़फोड़ की कार्रवाई को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देने के साथ सुरक्षित आवास, किराया सहायता और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही प्रदेश में अवैध कॉलोनियों के विकास, जमीन की खरीद-बिक्री और इसमें शामिल भू-माफिया तथा संबंधित अधिकारियों की भूमिका की स्वतंत्र और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग उठाई है।
पटवारी ने पत्र में कहा कि इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में मकानों की तोड़फोड़ से उन परिवारों की वर्षों की मेहनत और जमा पूंजी बर्बाद हो गई, जिन्होंने जमीन खरीदकर अपने घर बनाए थे। कई परिवारों के पास रजिस्ट्री है, वे संपत्ति कर भी जमा करते रहे हैं और कुछ मकानों पर बैंक का कर्ज भी चल रहा है। इसके बावजूद मकान टूटने के बाद परिवारों पर ऋण चुकाने का बोझ बना हुआ है।
उन्होंने भोपाल के छेराखाना स्थित जनता क्वार्टर का भी उल्लेख किया। पटवारी के अनुसार, यहां करीब 600 मकानों में से 599 तोड़ दिए गए। इस क्षेत्र में लगभग तीन हजार लोग रहते थे। उन्होंने कहा कि मकानों को तोड़ने के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने, रोजगार और बच्चों की पढ़ाई जैसी समस्याएं खड़ी हो गई हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की कि दोनों शहरों सहित प्रदेशभर में प्रभावित परिवारों का सर्वे कराकर नुकसान का आकलन किया जाए। पुनर्वास होने तक बाजार दर के अनुसार किराया सहायता दी जाए। बैंक ऋण की किस्तों में राहत और मकान, दुकान तथा घरेलू सामान के नुकसान का उचित मुआवजा भी दिया जाए।
पटवारी ने सवाल उठाया कि जब जमीन की खरीद-बिक्री हो रही थी, रजिस्ट्रियां हो रही थीं और मकान बन रहे थे, तब संबंधित विभागों की निगरानी कहां थी? उन्होंने अवैध कॉलोनियां विकसित करने वाले कॉलोनाइजरों, भू-माफिया और उन्हें संरक्षण देने वाले अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही तय करने की मांग की। साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय की निगरानी में प्रदेश स्तरीय आवास एवं भूमि विवाद राहत प्रकोष्ठ बनाने का सुझाव दिया।





