एंटीबायोटिक के गलत इस्तेमाल से बढ़ रहा दवाओं का असर खत्म होने का खतरा

एम्स भोपाल में विश्व रोगाणुरोधी प्रतिरोध जागरूकता सप्ताह मनाया, मरीजों को किया जागरूक; कार्डियक आईसीयू को सर्वश्रेष्ठ आईसीयू का सम्मान
भोपाल। एंटीबायोटिक दवाओं का बिना जरूरत और गलत तरीके से इस्तेमाल भविष्य में संक्रमण के इलाज को मुश्किल बना सकता है। इससे बैक्टीरिया, वायरस और फंगस जैसे सूक्ष्मजीव दवाओं के प्रति प्रतिरोध विकसित कर लेते हैं और दवाओं का असर कम होने लगता है। इसी चुनौती के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एम्स भोपाल में 18 से 24 नवंबर तक विश्व रोगाणुरोधी प्रतिरोध जागरूकता सप्ताह मनाया गया।
एम्स की अस्पताल संक्रमण नियंत्रण समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) नरेंद्र कोतवाल के मार्गदर्शन में हुए। इस दौरान रातीबड़ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं एम्स के करीब 15 ओपीडी में मरीजों और उनके परिजनों को एंटीबायोटिक के सही उपयोग, संक्रमण से बचाव और रोगाणुरोधी प्रतिरोध के खतरों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के तहत 23 नवंबर को सतत चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) कार्यक्रम भी हुआ। इसमें विशेषज्ञों ने वन हेल्थ, क्रिटिकल केयर में रोगाणुरोधी प्रतिरोध, एंटीमाइक्रोबियल स्टेवार्डशिप और डॉक्टरों द्वारा लिखी जाने वाली एंटीबायोटिक दवाओं के प्रिस्क्रिप्शन ऑडिट जैसे विषयों पर चर्चा की। पोस्टर, इन्फोग्राफिक और रंगोली प्रतियोगिताओं के जरिए भी जागरूकता का संदेश दिया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली इकाइयां सम्मानित
एम्स में संक्रमण नियंत्रण और स्वच्छता के बेहतर पालन के लिए कार्डियक आईसीयू को सर्वश्रेष्ठ आईसीयू, बोन मैरो ट्रांसप्लांटेशन यूनिट को सर्वश्रेष्ठ वार्ड और पीडियाट्रिक वार्ड को अचीवर श्रेणी में सम्मानित किया गया। इसके अलावा हाथों की स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण में योगदान के लिए डॉक्टरों, नर्सिंगकर्मियों और हाउसकीपिंग कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से लोगों से अपील की गई कि डॉक्टर की सलाह के बिना एंटीबायोटिक न लें और निर्धारित अवधि तक दवा का सेवन करें। इस वर्ष की वैश्विक थीम ‘एक स्वास्थ्य, एक संकल्प–रोगाणुरोधी प्रतिरोध की रोकथाम अभी करें’ के जरिए मनुष्य, पशु और पर्यावरण के स्वास्थ्य को जोड़कर इस चुनौती से निपटने पर जोर दिया गया।





