Politics

दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा थूवोनजी पहुंची

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा सोमवार को अशोकनगर जिले के जैन तीर्थ क्षेत्र थूवोनजी पहुंची। यात्रा के 23वें दिन पदयात्रा ग्राम अमरोद से शुरू हुई। इसके बाद यात्री भरियाखेड़ी और भीखली पहुंचे, जहां स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

दोपहर के भोजन के बाद यात्रा तराई और ललोई होते हुए थूवोनजी पहुंची। यहां दिन की पदयात्रा समाप्त हुई। यात्रियों ने जैन तीर्थ परिसर के दर्शन किए। थूवोनजी अपने 26 जैन मंदिरों, प्राचीन प्रतिमाओं और भगवान आदिनाथ की विशाल प्रतिमा के लिए प्रसिद्ध है।

इस मौके पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य सत्य, अहिंसा, करुणा और सामाजिक सद्भाव के सिद्धांतों को लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि धर्म समाज में भाईचारा बढ़ाने का माध्यम होना चाहिए, न कि नफरत और विभाजन का।

दिग्विजय सिंह ने भगवान राम के नाम पर जुटाए गए चंदे का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग भी की। साथ ही कथित वोट चोरी और मतदाता सूची में गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कराने की बात कही। यात्रा की शुरुआत 20 अक्टूबर को विजयादशमी पर उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद हुई थी।

Related Articles