State

ब्रिटेन के प्रतिष्ठित मार्केटिंग अवॉर्ड के नौ फाइनलिस्ट में भोपाल के प्रतीक माथुर

भोपाल। भोपाल के प्रतीक माथुर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्हें ब्रिटेन के प्रतिष्ठित ‘प्रोलिफिक नॉर्थ मार्केटिंग अवॉर्ड्स-2026’ की ‘मार्केटिंग फ्रीलांसर ऑफ द ईयर’ श्रेणी में नौ फाइनलिस्ट में चुना गया है।

प्रतीक, भोपाल के पुरातत्व विभाग के सेवानिवृत्त उप संचालक डॉ. दिनेश कुमार माथुर और मध्यप्रदेश विधानसभा की सेवानिवृत्त उप सचिव रेखा माथुर के पुत्र हैं। उन्होंने ब्रिटेन के फिल्म और क्रिएटिव उद्योग में 16 साल से अधिक समय तक काम किया है।

भोपाल से कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद वे एनीमेशन और विजुअल इफेक्ट्स के क्षेत्र में करियर बनाने ब्रिटेन गए। वहां उन्होंने एनिमेटर के रूप में शुरुआत की और आगे चलकर लीड वीएफएक्स आर्टिस्ट, सुपरवाइजर, क्रिएटिव लीड और डायरेक्टर की जिम्मेदारियां संभालीं।

उनके काम में ‘हैरी पॉटर एंड द डेथली हैलोज’, ‘मेन इन ब्लैक-3’ और ‘एक्स-मेन: एपोकैलिप्स’ जैसी फिल्मों का योगदान शामिल है। वे बीबीसी, मैनचेस्टर सिटी फुटबॉल क्लब, ब्रिटिश म्यूजियम और कतर एयरवेज के साथ भी काम कर चुके हैं। प्रतीक ब्रिटिश एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन आर्ट्स (बाफ्टा) के सदस्य हैं और जूरी व मूल्यांकन संबंधी जिम्मेदारियां भी निभा चुके हैं।

Related Articles