दतिया। दतिया उपचुनाव में भाजपा द्वारा डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं दिए जाने के बाद जिले में विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हाईवे जाम करने का प्रयास किया। विरोध के बीच दतिया शहर के कई बाजार भी बंद रहे।
सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर यह दावा भी किया गया कि भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सरण सहित कई पदाधिकारियों और भाजपा पार्षदों ने इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
इस बीच डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कार्यकर्ताओं के विरोध को गलत बताते हुए कहा कि टिकट देना या न देना पार्टी का निर्णय है और सभी कार्यकर्ताओं को उसका सम्मान करना चाहिए। उन्होंने हिंसक या अव्यवस्थित विरोध का समर्थन नहीं किया।
वहीं, राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि हाईकमान तक कुछ शिकायतें पहुंचने के बाद पार्टी स्तर पर उनके संबंध में कार्रवाई की गई, लेकिन इस संबंध में भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।