PoliticsState

भोपाल में युवा कांग्रेस का 66वां स्थापना दिवस मनाया, अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया ने किया ध्वजवंदन

भोपाल, 9 अगस्त 2026। शिवाजी नगर स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) परिसर में रविवार को भारतीय युवा कांग्रेस का 66वां स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। इस दौरान उन्होंने संगठन का ध्वज फहराया और उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को राष्ट्र निर्माण की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम में युवा कांग्रेस अध्यक्ष घनघोरिया ने कार्यकर्ताओं को सत्यनिष्ठा, ईमानदारी, सामाजिक उत्थान और राष्ट्र निर्माण के लिए काम करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने युवाओं को पूर्ण रोजगार के लक्ष्य को साकार करने के लिए लगातार प्रयास करने की बात कही।

युवाओं की जिम्मेदारी बढ़ी: घनघोरिया

समारोह को संबोधित करते हुए यश लखन घनघोरिया ने कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस का इतिहास संघर्ष, त्याग और राष्ट्र निर्माण से जुड़ा रहा है। बदलते समय में युवाओं की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की आवाज बनने और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ ईमानदारी से संघर्ष करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को युवाओं और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करना चाहिए।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में प्रदेश युवा कांग्रेस के मीडिया चेयरमैन अभिज्ञान शुक्ला, प्रदेश महामंत्री रोहित राजोरिया और अपूर्व जैन, प्रदेश सचिव लोकेन्द्र शर्मा, मोहित सक्सेना, अनिकेत द्विवेदी, धनजी गिरि और सलमान गौरी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा भोपाल जिला ग्रामीण अध्यक्ष राहुल मंडलोई, पूर्व ग्रामीण अध्यक्ष गोपिल कोटवाल, एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार, भोपाल एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर, अंकित दुबे, विधानसभा अध्यक्ष सोहन मेवाड़ा, रितेश सोनी, आमिर अली, जिला उपाध्यक्ष प्रिंस सिंह समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।

Related Articles