National

केंद्रीय कैबिनेट ने 77,101 करोड़ रुपये के पांच फैसलों को दी मंजूरी

दिल्ली के नॉर्थ और साउथ ब्लॉक में बनेगा युगे युगीन भारत संग्रहालय, नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच मेट्रो का होगा विस्तार

नई दिल्ली, 11 नवंबर। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को 77,101 करोड़ रुपये के कुल पांच बड़े फैसलों को मंजूरी दी। इनमें दिल्ली के ऐतिहासिक नॉर्थ और साउथ ब्लॉक में युगे युगीन भारत संग्रहालय बनाने, नोएडा से ग्रेटर नोएडा तक मेट्रो का विस्तार करने और रबी सीजन 2026-27 के लिए खाद सब्सिडी को मंजूरी देना शामिल है। इसके अलावा छोटे कारोबारियों और महिला, एससी-एसटी उद्यमियों को कर्ज की गारंटी देने वाली योजनाओं को भी जारी रखने का निर्णय लिया गया।

सरकार 3,230 करोड़ रुपये की लागत से युगे युगीन भारत संग्रहालय विकसित करेगी। संस्कृति मंत्रालय इसे नॉर्थ और साउथ ब्लॉक की ऐतिहासिक इमारतों में तैयार करेगा। इसका प्रदर्शन क्षेत्र एक लाख वर्ग मीटर से अधिक होगा। यहां भारतीय सभ्यता और संस्कृति की यात्रा को आधुनिक तकनीक के माध्यम से दिखाया जाएगा। संग्रहालय में एआर, वीआर और एआई आधारित अनुभवों के साथ बच्चों के लिए विशेष क्षेत्र भी होगा। यहां रोजाना 30 हजार और सालाना एक करोड़ पर्यटकों के पहुंचने की क्षमता विकसित की जाएगी।

नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक 8.5 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन बनाई जाएगी। 2,390 करोड़ रुपये की इस परियोजना में पांच नए स्टेशन होंगे। इसे चार साल में पूरा करने का लक्ष्य है। इससे नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों को दिल्ली मेट्रो से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

किसानों के लिए रबी 2026-27 में खाद सब्सिडी पर 62,370 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। डीएपी की 50 किलो की बोरी 1,350 रुपये में उपलब्ध कराने का प्रावधान जारी रहेगा।

इसके अलावा मुद्रा योजना के तहत छोटे उद्यमियों को कर्ज की गारंटी के लिए 5,000 करोड़ और स्टैंड-अप इंडिया योजना के लिए 4,111 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। दोनों योजनाओं की अवधि पांच साल बढ़ाई गई है।

Related Articles