State

विदिशा और धार में 1.19 करोड़ का गांजा और पौधे जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

कपास के खेत में हो रही थी गांजे की खेती, दोनों जिलों में पुलिस ने 467 किलो से अधिक मादक पदार्थ पकड़ा

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने विदिशा और धार जिले में कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ 19 लाख 13 हजार रुपये कीमत का 467.328 किलोग्राम गांजा और गांजे के हरे पौधे जब्त किए हैं। दोनों जिलों में अलग-अलग कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

विदिशा जिले में पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत करारिया चौराहा थाना पुलिस ने ग्राम ब्योची में दबिश दी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने 104.14 किलोग्राम गांजा जब्त किया। इसकी अनुमानित कीमत 52 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

वहीं, धार जिले में पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में ऑपरेशन प्रहार के तहत टांडा थाना पुलिस ने ग्राम पुरा में गांजे की अवैध खेती पकड़ी। यहां कपास के खेत के बीच गांजे के पौधे लगाए गए थे। पुलिस ने खेत से 383 हरे पौधे जब्त किए, जिनका कुल वजन 363.188 किलोग्राम है। इनकी अनुमानित कीमत 67 लाख 13 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले में भी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस दोनों मामलों में आरोपियों से पूछताछ कर रही है। धार में गांजे की खेती के स्रोत और संभावित सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मादक पदार्थों की अवैध खेती, भंडारण या तस्करी की जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना दें।

Related Articles