निर्वाण बिड़ला ने भोपाल के बिड़ला ओपन माइंड्स स्कूल में छात्रों को दिया नेतृत्व का मंत्र, स्टूडेंट काउंसिल को दिलाई शपथ

भोपाल। बिड़ला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल, भोपाल में आयोजित इन्वेस्टिचर सेरेमनी-2026 में बिड़ला ओपन माइंड्स के प्रबंध निदेशक निर्वाण बिड़ला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने नव-निर्वाचित स्टूडेंट काउंसिल के सदस्यों को बैज और सैश पहनाकर पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा नेतृत्व, अनुशासन और जिम्मेदारी का संदेश दिया।

निर्वाण बिड़ला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद नहीं, बल्कि सेवा, ईमानदारी और उत्तरदायित्व का दायित्व है। उन्होंने छात्रों से बड़े सपने देखने, आत्मविश्वास के साथ चुनौतियों का सामना करने और निरंतर सीखते रहने का आह्वान किया।

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि बिड़ला ओपन माइंड्स का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। उन्होंने नवाचार, अनुभवात्मक शिक्षा (Experiential Learning) और वैश्विक शैक्षणिक मानकों पर आधारित शिक्षा को आज की आवश्यकता बताया।

कार्यक्रम के दौरान निर्वाण बिड़ला ने विद्यार्थियों के साथ संवाद कर नेतृत्व, उद्यमिता और व्यक्तिगत विकास से जुड़े विषयों पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने शिक्षकों और विद्यालय प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के समग्र विकास में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है।

विद्यालय के चेयरमैन राकेश मलिक, चेयरपर्सन अंजू मलिक और हेड ऑफ स्कूल गीता छाबड़ा ने इस दौरे को विद्यालय के लिए प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम में अभिभावकों, विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।

Exit mobile version