34,999 रुपये की प्रभावी शुरुआती कीमत, 1 दिसंबर से शुरू होगी बिक्री; 144Hz डिस्प्ले और स्नैपड्रैगन प्रोसेसर से लैस
नई दिल्ली, 24 नवंबर। मोटोरोला ने अपना नया प्रीमियम स्मार्टफोन Motorola Edge 70 Neo लॉन्च किया है। इसमें 50 मेगापिक्सल का Sony LYTIA 710 कैमरा, 7000mAh की बैटरी और 6.8 इंच का 1.5K एक्सट्रीम एमोलेड डिस्प्ले दिया गया है। स्नैपड्रैगन 7s Gen 3 प्रोसेसर वाले इस फोन में 144Hz रिफ्रेश रेट और 5200 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस मिलती है। कंपनी ने इसकी शुरुआती कीमत 40,999 रुपये रखी है, जबकि बैंक और लॉन्च ऑफर्स के बाद प्रभावी कीमत 34,999 रुपये होगी।
फोन में ऑप्टिकल इमेज स्टेबलाइजेशन (OIS), 10x सुपर जूम और 4K वीडियो रिकॉर्डिंग की सुविधा वाला 50MP का मुख्य कैमरा है। इसके अलावा 32MP का फ्रंट कैमरा और मैक्रो कैमरा भी दिया गया है। एआई आधारित फोटो एन्हैंसमेंट फीचर तस्वीरों को बेहतर बनाने में मदद करेगा। गूगल फोटोज के मैजिक इरेजर, फोटो अनब्लर और पोर्ट्रेट ब्लर जैसे एडिटिंग फीचर भी मिलेंगे।
डिजाइन की बात करें तो फोन क्वाड-कर्व्ड डिजाइन में आता है। इसमें पैंटोन के चार रंग माउंटेन व्यू, ग्रे लिलैक, मिल्की ब्लू और सेज उपलब्ध होंगे। मजबूती के लिए कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास 7i, IP64 रेटिंग और MIL-STD-810H मानकों के तहत परीक्षण किया गया है।
फोन की 7000mAh बैटरी को लेकर कंपनी का दावा है कि यह 53 घंटे तक का बैकअप दे सकती है। इसमें टर्बोपावर चार्जिंग, 7.5W रिवर्स चार्जिंग और गेमिंग के दौरान बायपास चार्जिंग की सुविधा भी है। ऑडियो के लिए डॉल्बी एटमॉस और डुअल स्टीरियो स्पीकर दिए गए हैं।
Motorola Edge 70 Neo एंड्रॉयड 16 आधारित हेलो यूएक्स पर काम करेगा। कंपनी ने तीन एंड्रॉयड ओएस अपग्रेड और 2031 तक सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा किया है।
उपलब्धता और कीमत
फोन का 8GB रैम और 128GB स्टोरेज वाला वेरिएंट 1 दिसंबर को दोपहर 12 बजे से फ्लिपकार्ट, Motorola.in और रिलायंस डिजिटल सहित प्रमुख रिटेल स्टोर पर बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। इसकी लॉन्च कीमत 40,999 रुपये है। शुरुआती 10 दिनों के लिए 3,000 रुपये की सीधी छूट और पात्र बैंक कार्ड पर 3,000 रुपये का अतिरिक्त डिस्काउंट मिलेगा। इन ऑफर्स के बाद प्रभावी कीमत 34,999 रुपये बताई गई है। नियम और शर्तें लागू।
