भोपाल पुलिस की फिंगरप्रिंट शाखा को मिला प्रथम स्थान का एक्सीलेंस अवॉर्ड

उत्कृष्ट कार्य और तकनीकी दक्षता के लिए SCRB ने किया सम्मानित

भोपाल, 29 जून । भोपाल पुलिस कमिश्नरेट की फिंगरप्रिंट शाखा ने उत्कृष्ट कार्य करते हुए एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो (SCRB), पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा भोपाल पुलिस कमिश्नरेट की फिंगरप्रिंट शाखा को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रथम स्थान का “एक्सीलेंस अवॉर्ड” प्रदान किया गया है।

यह सम्मान फिंगरप्रिंट शाखा द्वारा अपराध अनुसंधान में तकनीकी दक्षता, अभिलेख प्रबंधन और पुलिस जांच प्रक्रिया में प्रभावी सहयोग के लिए दिया गया है। आधुनिक अपराधों की जांच में फिंगरप्रिंट तकनीक की भूमिका लगातार बढ़ रही है और ऐसे में शाखा की कार्यप्रणाली को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

भोपाल पुलिस कमिश्नर श्री संजय कुमार ने इस उपलब्धि पर फिंगरप्रिंट शाखा की पूरी टीम को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान टीम की मेहनत, समर्पण और बेहतर कार्यप्रणाली का परिणाम है।

पुलिस विभाग में वैज्ञानिक एवं तकनीकी संसाधनों के उपयोग को मजबूत करने की दिशा में फिंगरप्रिंट शाखाएं अहम भूमिका निभाती हैं। अपराधियों की पहचान, पुराने मामलों के विश्लेषण और जांच में साक्ष्य जुटाने में इनकी विशेषज्ञता पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाती है।

Exit mobile version