सड़क सुरक्षा और अंगदान जैसे सामाजिक विषयों पर होंगे विशेष व्याख्यान
भोपाल/मंडीदीप। भोपाल मैनेजमेंट एसोसिएशन (बीएमए) 22 जून को अपना 21वां स्थापना दिवस समारोह मनाएगा। ऑल इंडिया मैनेजमेंट एसोसिएशन से संबद्ध बीएमए की स्थापना के बाद संस्था ने प्रबंधन और उद्योग जगत के क्षेत्र में दो दशक पूरे कर लिए हैं।
स्थापना दिवस समारोह सोमवार शाम 4 बजे मंडीदीप स्थित वर्धमान टेक्सटाइल्स लिमिटेड की इकाई अनंत स्पिनिंग मिल्स में आयोजित किया जाएगा।
उद्योग जगत के प्रतिनिधि होंगे शामिल
समारोह में अनंत स्पिनिंग मिल्स के यूनिट हेड दीपक मित्तल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष (कॉमर्शियल) राजीव अंगरा और वरिष्ठ उपाध्यक्ष (एचआर-आईआर) आर. के. सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान प्रबंधन, उद्योग और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर दो विशेष व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। इनमें एनटीपीसी लिमिटेड के पूर्व महाप्रबंधक जी. एस. यादव सड़क सुरक्षा विषय पर विचार रखेंगे, जबकि ऑर्गन इंडिया के मैनेजर डॉ. सौरभ शर्मा अंगदान के महत्व पर जानकारी देंगे।
प्रबंधन और उद्योग के बीच सेतु बना बीएमए
बीएमए अध्यक्ष और वर्धमान टेक्सटाइल्स के पूर्व उपाध्यक्ष राजेश तिवारी ने बताया कि संस्था ने पिछले 20 वर्षों में भोपाल के प्रबंधन क्षेत्र और उद्योग जगत के बीच संवाद एवं सहयोग का मंच तैयार किया है।
उन्होंने कहा कि इस बार स्थापना दिवस समारोह को केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि सड़क सुरक्षा और अंगदान जैसे जनहित से जुड़े विषयों को शामिल कर सामाजिक संदेश देने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने बताया कि बीएमए भविष्य में भी प्रबंधन शिक्षा, उद्योग संवाद और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी भूमिका निभाता रहेगा।
