MPYPIL के साथ MoU; बस स्टैंड, बस स्टॉप और मेट्रो स्टेशन की जानकारी ऐप पर मिलेगी, फर्स्ट-लास्ट माइल कनेक्टिविटी होगी आसान
इंदौर, 11 सितंबर। मध्य प्रदेश में शहरी परिवहन को अधिक सुविधाजनक और तकनीक आधारित बनाने के लिए रैपिडो संचालित करने वाली रोपेन ट्रांसपोर्टेशन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड ने मध्य प्रदेश यात्री परिवहन एवं अधोसंरचना लिमिटेड (MPYPIL) के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) किया है। इसके तहत सार्वजनिक परिवहन और बाइक-टैक्सी सेवा को तकनीक के माध्यम से जोड़ने पर काम होगा।
समझौते की घोषणा इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘यात्री परिवहन विजन समिट 2026’ में की गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, परिवहन विभाग के प्रमुख सचिव मनीष सिंह सहित विभाग के अधिकारी और रैपिडो के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
ऐप पर दिखेंगे परिवहन केंद्र
साझेदारी के तहत रैपिडो और MPYPIL ऐसी तकनीकी व्यवस्था विकसित करने पर काम करेंगे, जिसमें प्रदेश के प्रमुख सार्वजनिक परिवहन केंद्रों की जानकारी रैपिडो ऐप पर उपलब्ध हो सके। इनमें मेट्रो स्टेशन, बस स्टॉप और बस स्टैंड शामिल होंगे।
यात्री ऐप के जरिए अपने आसपास के परिवहन केंद्रों की जानकारी ले सकेंगे। इसके बाद बाइक-टैक्सी के जरिए इन केंद्रों तक पहुंचने या वहां से आगे की यात्रा करने में मदद मिलेगी। इससे सार्वजनिक परिवहन के लिए फर्स्ट और लास्ट-माइल कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।
भोपाल और इंदौर से शुरू होगा पायलट
तकनीकी एकीकरण का पायलट चरण आने वाले महीनों में भोपाल और इंदौर में शुरू करने की योजना है। इन शहरों में सार्वजनिक परिवहन केंद्रों और रैपिडो की बाइक-टैक्सी सेवा के बीच बेहतर तालमेल विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
महिलाओं के लिए ‘पिंक’ पहल
MoU में समावेशी मोबिलिटी पर भी जोर दिया गया है। रैपिडो की ‘पिंक’ पहल के तहत महिलाओं द्वारा महिलाओं के लिए बाइक-टैक्सी सेवा शुरू करने की संभावनाओं पर काम किया जाएगा। इसका पायलट इंदौर में प्रस्तावित है। हालांकि, इसके संचालन के लिए आवश्यक नियामकीय और परिचालन मंजूरियां जरूरी होंगी।
रैपिडो के चीफ मार्केटिंग ऑफिसर पवनदीप सिंह ने कहा कि बाइक-टैक्सी बस और मेट्रो जैसे सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क तक यात्रियों की पहुंच आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। साझेदारी के जरिए मध्य प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन को अधिक कनेक्टेड, सुलभ और सुविधाजनक बनाने का प्रयास किया जाएगा।
