एमआईटी-डब्ल्यूपीयू के प्लेसमेंट में नया रिकॉर्ड, 2500 से अधिक छात्रों का चयन; 200 को ₹10 लाख से ज्यादा पैकेज

पुणे। एमआईटी वर्ल्ड पीस यूनिवर्सिटी (MIT-WPU) में 2026 का प्लेसमेंट सीजन छात्रों के लिए शानदार रहा। इस बार 750 से अधिक कंपनियों ने कैंपस प्लेसमेंट में हिस्सा लिया और विभिन्न क्षेत्रों में 2500 से अधिक छात्रों का चयन किया गया। इनमें 200 से ज्यादा छात्रों को सालाना ₹10 लाख से अधिक के पैकेज मिले हैं।

विश्वविद्यालय के अनुसार, इस साल प्लेसमेंट में आईटी, कोर इंजीनियरिंग, कंसल्टिंग, एनालिटिक्स, मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमोटिव, एनर्जी, एफएमसीजी और बैंकिंग-फाइनेंस समेत कई क्षेत्रों की कंपनियां शामिल हुईं। सबसे अधिक पैकेज ₹46 लाख सालाना रहा।

90% कंपनियां दोबारा पहुंचीं कैंपस

विश्वविद्यालय ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में कैंपस प्लेसमेंट में कंपनियों की भागीदारी लगातार बढ़ी है। इस बार करीब 90 प्रतिशत नियोक्ता ऐसे रहे, जो हर साल दोबारा विश्वविद्यालय में भर्ती के लिए आते हैं। विश्वविद्यालय ने इसे उद्योग जगत के बीच छात्रों की प्रतिभा और तैयारियों पर बढ़ते भरोसे का संकेत बताया है।

अमेजन से टाटा मोटर्स तक कंपनियां शामिल

प्लेसमेंट में अमेजन, एनवीडिया, जेपी मॉर्गन, मॉर्गन स्टेनली, आईबीएम, ओरेकल, कमिंस, बेकर ह्यूजेस, कॉग्निजेंट, एक्सेंचर, बार्कलेज, डेलॉयट, डॉयचे बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, इंफोसिस, टीसीएस, टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, विप्रो, सोनी इंडिया, केपीएमजी, ईवाई, पर्सिस्टेंट सिस्टम्स और जेडएस एसोसिएट्स सहित कई कंपनियां शामिल रहीं।

विश्वविद्यालय के मुख्य शैक्षणिक अधिकारी डॉ. प्रसाद डी. खांडेकर ने कहा कि वैश्विक आर्थिक दबाव और भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बावजूद प्लेसमेंट परिणामों में लगातार वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष इंटर्नशिप के बड़ी संख्या में प्री-प्लेसमेंट ऑफर (PPO) में बदलने को प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया जा सकता है।

प्लेसमेंट तैयारी पर दिया जोर

कंपनियों की बढ़ती भागीदारी को देखते हुए विश्वविद्यालय ने अपने Readiness Framework को मजबूत किया। इसके तहत डोमेन आधारित बूटकैंप, असेसमेंट की तैयारी और कौशल आधारित प्रशिक्षण आयोजित किए गए। इससे छात्रों को तकनीकी टेस्ट, केस स्टडी और शुरुआती इंटरव्यू राउंड के लिए तैयार करने में मदद मिली।

सेंटर फॉर इंडस्ट्री एंड अकादमिक पार्टनरशिप (CIAP) के निदेशक मानस मोहंती ने कहा कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य उद्योगों के साथ मजबूत साझेदारी के जरिए छात्रों के लिए बेहतर करियर अवसर तैयार करना है। उन्होंने कहा कि छात्रों को कौशल, आत्मविश्वास और व्यावहारिक अनुभव देने पर लगातार काम किया जा रहा है।

Exit mobile version