इंडियन बैंक ने राजस्थान और मध्य प्रदेश में बांटे 2,150 करोड़ रुपये के ऋण

जयपुर में क्षेत्र महाप्रबंधक कार्यालय शुरू, दोनों राज्यों में बैंक की सेवाओं को मिलेगी नई गति

जयपुर। इंडियन बैंक ने राजस्थान और मध्य प्रदेश में आयोजित रिटेल, एग्रीकल्चर एवं एमएसएमई (RAM) आउटरीच कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को कुल 2,150 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए। कार्यक्रम जयपुर के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित किया गया। बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी बिनोद कुमार ने कार्यक्रम में भाग लिया।

अपने जयपुर दौरे के दौरान बिनोद कुमार ने इंडियन बैंक की एमसीबी शाखा, जयपुर और नए क्षेत्र महाप्रबंधक कार्यालय (FGMO), जयपुर का उद्घाटन भी किया। बैंक के अनुसार इन दोनों पहलों से राजस्थान में उसकी परिचालन और प्रशासनिक क्षमता मजबूत होगी।

राजस्थान और मध्य प्रदेश के लिए होगा मुख्यालय

नवनिर्मित FGMO जयपुर राजस्थान और मध्य प्रदेश के लिए प्रशासनिक कार्यालय के रूप में काम करेगा। इसके अंतर्गत राजस्थान के दो अंचल कार्यालय और मध्य प्रदेश के चार अंचल कार्यालय कार्य करेंगे। इससे दोनों राज्यों में बैंक के परिचालन में बेहतर समन्वय और ग्राहकों की ऋण एवं बैंकिंग जरूरतों को तेजी से पूरा करने में मदद मिलेगी।

कृषि और एमएसएमई को वित्तीय सहायता पर जोर

इंडियन बैंक के एमडी एवं सीईओ बिनोद कुमार ने कहा कि राजस्थान बैंक के लिए महत्वपूर्ण और तेजी से विकसित हो रहा बाजार है। जयपुर में क्षेत्र महाप्रबंधक कार्यालय की स्थापना राज्य में बैंक की मौजूदगी मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि बैंक का उद्देश्य केवल शाखाओं और कारोबार का विस्तार करना नहीं, बल्कि राजस्थान के आर्थिक और सामाजिक विकास में भरोसेमंद भागीदार की भूमिका निभाना है। कृषि, एमएसएमई, रिटेल और अन्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों को समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर उद्यमिता और रोजगार को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

RAM आउटरीच कार्यक्रम के जरिए पहुंच बढ़ाने की पहल

बैंक के अनुसार RAM आउटरीच कार्यक्रमों के माध्यम से एमएसएमई, कृषि, रिटेल और उद्यमिता से जुड़े ग्राहकों तक वित्तीय सेवाओं की पहुंच बढ़ाई जा रही है। 2,150 करोड़ रुपये के ऋण वितरण को बैंक ने ग्राहकों की वित्तीय जरूरतों और विकास की आकांक्षाओं को समर्थन देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

FGMO जयपुर के उद्घाटन अवसर पर क्षेत्र महाप्रबंधक रवि कुमार, उप महाप्रबंधक धीरज भाटिया, अंचल प्रबंधक जयपुर मिथिलेश कुमार वर्मा सहित बैंक के अधिकारी-कर्मचारी, सेवानिवृत्त अधिकारी और ऑफिसर्स एवं एम्प्लॉइज यूनियन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Exit mobile version