भोपाल। स्टेशन बजरिया थाना पुलिस ने अधेड़ व्यक्ति की हत्या के मामले में चार आरोपियों को वारदात के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, शराब पिलाने से मना करने पर चार युवकों ने अधेड़ दीपक मीना के साथ मारपीट की थी, जिसमें उसकी मौत हो गई।
पुलिस को 17 अगस्त 2026 को हमीदिया अस्पताल से सूचना मिली थी कि परिजन दीपक मीना को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे थे, लेकिन जांच के दौरान उसकी मृत्यु हो चुकी थी। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
जांच के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, अन्य भौतिक साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। जांच में सामने आया कि चार युवकों ने मिलकर दीपक के साथ मारपीट की थी। इसके बाद पुलिस ने रवि शाक्या, लखन शाक्या, सनी रैकवार और सिद्धार्थ उर्फ गुनगुन जारोलिया को गिरफ्तार कर लिया। इनमें रवि और लखन सगे भाई बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, चारों आरोपी वारदात के बाद फरार होने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें फरार होने से पहले ही पकड़ लिया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई पुलिस आयुक्त संजय कुमार, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र चौहान, पुलिस उपायुक्त (अपराध) अखिल पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-1 रश्मि अग्रवाल दुबे और सहायक पुलिस आयुक्त जहांगीराबाद संभाग बिट्टू शर्मा भटेले के निर्देशन में की गई।
कार्रवाई में स्टेशन बजरिया थाना प्रभारी निरीक्षक शिल्पा कौरव सहित कुंज बिहारी सिंह, जय नारायण रघुवंशी, जितेंद्र यादव, सूर्यमणि द्विवेदी समेत पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका रही।
