नगरीय विकास एवं आवास विभाग में 6217 शिकायतें दर्ज, 3752 शिकायतें अब भी निराकरण के लिए लंबित
भोपाल। सीएम हेल्पलाइन की नवंबर 2026 की ग्रेडिंग रिपोर्ट में भोपाल जिले की स्थिति संतोषजनक नहीं रही। 26 नवंबर को जारी रिपोर्ट के अनुसार जिला 11वें स्थान पर है और उसे ग्रेड-डी मिला है। जिले का कुल वेटेज स्कोर 51.81 दर्ज किया गया है। रिपोर्ट में अलग-अलग विभागों में शिकायतों की संख्या और उनके निराकरण की स्थिति सामने आई है। कई विभागों में 50 दिन से अधिक समय से शिकायतें लंबित हैं।
रिपोर्ट के अनुसार नगरीय विकास एवं आवास विभाग में नवंबर महीने के दौरान सबसे अधिक 6217 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें 2980 शिकायतों का निराकरण किया गया, जबकि 50 दिन से अधिक समय से 772 शिकायतें लंबित थीं। इस विभाग में कुल 3752 शिकायतें निराकरण के लिए शेष दर्ज की गई हैं। विभाग को 66.38 अंक मिले हैं और इसकी ग्रेडिंग सी रही।
गृह विभाग में 2080 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें 1754 का निराकरण हुआ, जबकि 50 दिन से अधिक समय से 958 शिकायतें लंबित रहीं। इस विभाग में कुल 2712 शिकायतें निराकरण के लिए शेष हैं। राजस्व विभाग में 836 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 772 का निराकरण हुआ, लेकिन 50 दिन से अधिक समय से 2098 शिकायतें लंबित दर्ज की गईं। विभाग का कुल लंबित आंकड़ा 2870 है।
ऊर्जा विभाग में 1009 शिकायतें प्राप्त हुईं और 551 का निराकरण किया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में 404 शिकायतों में से 347 का निराकरण हुआ। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में 310 शिकायतें प्राप्त हुईं, जबकि 571 शिकायतें 50 दिन से अधिक समय से लंबित थीं।
रिपोर्ट में आपदा प्रबंधन विभाग का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा। उसे 84 अंक और ग्रेड-ए मिला। वहीं नगरीय विकास एवं आवास, ऊर्जा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पशुपालन एवं डेयरी विभाग को ग्रेड-सी मिला। शेष अधिकांश विभागों की ग्रेडिंग डी रही।
इन विभागों में भी शिकायतें लंबित
* सामाजिक न्याय विभाग : 869 शिकायतें।
* लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा : 774 शिकायतें।
* अनुसूचित जाति कल्याण : 606 शिकायतें।
* पंचायत एवं ग्रामीण विकास : 481 शिकायतें।
* सामान्य प्रशासन : 458 शिकायतें।
