बैरसिया में आदिवासी परिवार से मारपीट और युवक के अपहरण का आरोप

कलेक्ट्रेट में शिकायत देकर पुलिस की मौजूदगी में हमले का आरोप लगाया, निष्पक्ष जांच की मांग

भोपाल। बैरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम कड़ैया शाह में एक आदिवासी परिवार के साथ मारपीट और एक युवक के लापता होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में 23 नवंबर को कलेक्ट्रेट कार्यालय में शिकायत देकर पुलिस और गांव के कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ताओं ने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, 14 नवंबर की रात करीब 7 से 8 बजे एक आदिवासी परिवार अपनी बच्ची की अस्थियां दफनाने के बाद वहां छोटा चबूतरा बना रहा था। इसी दौरान 112 वाहन से पहुंची बैरसिया पुलिस और गांव के कुछ लोगों पर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में दावा किया गया है कि हमले में परिवार के कई लोग घायल होकर बेहोश हो गए।

आरोप है कि परिवार का एक सदस्य किसी तरह जान बचाकर गांव पहुंचा और वहां से दोबारा 112 पर सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस आधी रात को गांव पहुंची और एक युवक को अपने साथ ले गई। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, राजीव नाम का युवक, जिसे घटनास्थल पर अधिक मारने का आरोप है, अगले दिन सुबह तक वापस नहीं पहुंचा।

शिकायत में घटना का वीडियो होने की बात भी कही गई है। हालांकि, मारपीट और युवक को ले जाने के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस का पक्ष और युवक की वर्तमान स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

Exit mobile version