पदोन्नति सूची जारी नहीं होने से बिना प्रमोशन रिटायर हुए कई डिप्टी रेंजर, वन कर्मचारी मंच ने उठाया मुद्दा

भोपाल, 31 जुलाई। मध्य प्रदेश वन विभाग में डिप्टी रेंजर से रेंजर पद पर पदोन्नति सूची जारी नहीं होने के कारण कई डिप्टी रेंजर 31 जुलाई को बिना पदोन्नति के ही सेवानिवृत्त हो गए। इस मामले को लेकर मध्य प्रदेश वन कर्मचारी मंच ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से हस्तक्षेप की मांग की है।

वन कर्मचारी मंच के प्रदेश अध्यक्ष अशोक पांडे ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि यदि समय रहते पदोन्नति सूची जारी हो जाती, तो सेवानिवृत्त होने वाले डिप्टी रेंजरों को रेंजर पद का सम्मान मिलने के साथ-साथ पेंशन संबंधी आर्थिक लाभ भी प्राप्त होता।

मंच के अनुसार राज्य सरकार ने करीब एक माह पहले पदोन्नति प्रक्रिया शुरू कर दी थी, लेकिन वन विभाग स्तर पर डिप्टी रेंजर से रेंजर पद पर पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई। प्रेस विज्ञप्ति में दावा किया गया है कि 29 जुलाई 2026 को भी वन विभाग मुख्यालय ने रेंजरों की वर्तमान पदस्थापना की जानकारी मांगी थी, जिससे प्रक्रिया और विलंबित हो गई।

वन कर्मचारी मंच का कहना है कि पदोन्नति सूची जारी होने में देरी का खामियाजा उन कर्मचारियों को भुगतना पड़ा, जो पदोन्नति की पात्रता रखते थे, लेकिन सूची जारी होने से पहले ही सेवानिवृत्त हो गए।

मंच ने मुख्यमंत्री से लंबित पदोन्नति सूची शीघ्र जारी करने और प्रभावित कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लेने की मांग की है।

Exit mobile version