फुटपाथ चोरी हो गया साहब!” अरेरा कॉलोनी में FIR की मांग, भूमाफिया और अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप

भोपाल। अरेरा कॉलोनी के 10 नंबर मार्केट क्षेत्र में सरकारी धन से बनाए गए फुटपाथ के कथित रूप से गायब होने का मामला अब हबीबगंज थाने तक पहुंच गया है। स्थानीय रहवासियों विवेक त्रिपाठी और लवनीश भाटी ने शिकायत देकर फुटपाथ पर कथित कब्जे की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।

रहवासियों का आरोप है कि अरेरा कॉलोनी में कई आवासीय भूखंडों पर अवैध निर्माण के साथ-साथ 10 नंबर मार्केट और आसपास की मुख्य सड़कों के फुटपाथों पर भी कथित रूप से कब्जे हो गए हैं। उनका कहना है कि फुटपाथ का इस्तेमाल पार्किंग, निजी उपयोग और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा है, जिससे पैदल चलने वालों के लिए परेशानी पैदा हो रही है।

विवेक त्रिपाठी ने सवाल उठाया कि जब फुटपाथ सरकारी धन से बनाया गया था तो वह गायब कैसे हो गया? उन्होंने कहा, “फुटपाथ खुद नहीं भागा, किसी ने भगाया है।” शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सार्वजनिक जमीन पर कब्जा बिना जिम्मेदार सरकारी तंत्र की अनदेखी के संभव नहीं है।

पुराने रिकॉर्ड से हो जांच

शिकायतकर्ताओं ने मांग की है कि फुटपाथ के पुराने नक्शे और सरकारी रिकॉर्ड निकाले जाएं तथा मौके की वर्तमान स्थिति से उनका मिलान कराया जाए। यदि सरकारी रिकॉर्ड और मौके की स्थिति में अंतर मिलता है तो कथित अतिक्रमणकारियों के साथ नगर निगम और PWD के संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जाए।

रहवासियों ने आरोप लगाया है कि अतिक्रमणकारियों को संरक्षण या लापरवाही के कारण सार्वजनिक संपत्ति पर कब्जे का अवसर मिला। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

विवेक त्रिपाठी और लवनीश भाटी ने कहा कि यह सिर्फ फुटपाथ का मामला नहीं, बल्कि सार्वजनिक संपत्ति को अतिक्रमण से बचाने का सवाल है। उन्होंने फुटपाथ से अतिक्रमण तत्काल हटाने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और फुटपाथ को मूल स्वरूप में बहाल करने की मांग की है।

Exit mobile version