भोपाल मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र को आर्थिक विकास का मॉडल बनाएं: संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा

भोपाल, 20 जुलाई। भोपाल विकास प्राधिकरण (बीडीए) के कार्यों की समीक्षा के लिए सोमवार को संभागीय कार्यालय में आयोजित बैठक में संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने अधिकारियों से समन्वित कार्यशैली अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल के बिना भोपाल मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र को आर्थिक विकास का मॉडल बनाना संभव नहीं होगा।

संभागायुक्त ने कहा कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का साझा लक्ष्य भोपाल मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र को एक सशक्त आर्थिक मॉडल के रूप में विकसित करना होना चाहिए। इसके लिए डेमोग्राफी, मोबिलिटी एवं ट्रांसपोर्टेशन, अर्थव्यवस्था, पारिस्थितिकी एवं प्राकृतिक संसाधन, भौतिक एवं सामाजिक अधोसंरचना जैसे प्रमुख विषयों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

बैठक में लंबित विकास परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। संभागायुक्त ने मिसरोद फेस-1, आईएसबीटी तथा विवेकानंद सहित विभिन्न निर्माणाधीन और पुनर्विकास (री-डेवलपमेंट) परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए सभी संबंधित विभागों के नोडल अधिकारियों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी और तय समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने की रणनीति पर चर्चा की।

Exit mobile version