भोपाल मेट्रो के प्रबंध संचालक एस. कृष्ण चैतन्य ने ब्लू और ऑरेंज लाइन के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। अधिकारियों को गुणवत्ता और सुरक्षा के साथ समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए।
भोपाल। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) के प्रबंध संचालक एस. कृष्ण चैतन्य ने शुक्रवार को भोपाल मेट्रो परियोजना के ब्लू लाइन और ऑरेंज लाइन के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।
एमडी ने भदभदा चौराहा से रत्नागिरी तिराहा तक प्रस्तावित ब्लू लाइन और ऑरेंज लाइन के विभिन्न निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति की समीक्षा की।
तीन घंटे तक किया निर्माण कार्यों का जायजा
करीब तीन घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान एस. कृष्ण चैतन्य ने पियर और वायाडक्ट निर्माण, मेट्रो स्टेशनों के निर्माण, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, निर्माण गुणवत्ता और परियोजना की समग्र प्रगति का विस्तृत जायजा लिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्रत्येक पैकेज की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी भी प्राप्त की।
गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश
प्रबंध संचालक ने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। उन्होंने सभी निर्माण एजेंसियों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया, ताकि परियोजना को तय लक्ष्य के अनुसार गति मिल सके और समय पर पूरा किया जा सके।
भोपाल मेट्रो, एस कृष्ण चैतन्य, ब्लू लाइन भोपाल मेट्रो, ऑरेंज लाइन भोपाल मेट्रो, MPMRCL, भोपाल मेट्रो निर्माण, मेट्रो परियोजना निरीक्षण, भदभदा चौराहा, रत्नागिरी तिराहा, भोपाल समाचार
