स्कूटी सहित 1.36 लाख रुपए की शराब जब्त, एक आरोपी को भेजा जेल
भोपाल। जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। इस दौरान दो आरोपियों से कुल 70.85 बल्क लीटर देशी और विदेशी शराब जब्त की गई। शराब और वाहन की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 36 हजार 400 रुपए बताई गई है।
आबकारी विभाग के अनुसार, सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रीति उइके की टीम ने ग्राम टीला खेड़ी निवासी 42 वर्षीय सुरेश मेवाड़ा को स्कूटी से अवैध रूप से देशी और विदेशी शराब ले जाते पकड़ा। उसके कब्जे से 11.22 बल्क लीटर शराब और स्कूटी जब्त की गई। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 91 हजार रुपए है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
दूसरी कार्रवाई में ग्राम ईटखेड़ी छाप निवासी 45 वर्षीय लक्ष्मण मेवाड़ा के घर से 221 पाव देशी और 45 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई। इसकी कुल मात्रा 59.63 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत 45 हजार 400 रुपए बताई गई है। आरोपी के खिलाफ धारा 34(1)(क) और 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया।
आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जिले में गश्त, निगरानी और दबिश की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही लोगों को असली और नकली शराब की पहचान के प्रति जागरूक किया जाएगा।
