भोपाल। यात्रियों को बेहतर डिजिटल सुविधा उपलब्ध कराने और रेल यात्रा को अधिक सरल, पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से भारतीय रेलवे ने “रेलवन ऐप” को एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया है। इस ऐप के माध्यम से अब रेल यात्रा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सेवाएं एक ही जगह उपलब्ध कराई जा रही हैं।
रेलवे की ओर से बताया गया है कि वर्तमान में रेलवन ऐप के जरिए अनारक्षित टिकट बुक करने पर यात्रियों को 3 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। यह सुविधा 14 जुलाई 2026 तक प्रायोगिक तौर पर जारी रहेगी।
टिकट से लेकर शिकायत तक सभी सुविधाएं एक ऐप पर
रेलवन ऐप में यात्रियों को आरक्षित और अनारक्षित टिकट बुकिंग, प्लेटफॉर्म टिकट, ट्रेन की लाइव स्थिति, आरक्षण विवरण, टिकट रद्दीकरण एवं रिफंड, रेल मदद सेवाएं, शिकायत दर्ज कराने और उसके समाधान की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
इसके अलावा यात्री ट्रेन में भोजन की बुकिंग जैसी सुविधाओं का लाभ भी इसी ऐप के माध्यम से ले सकेंगे। रेलवे का उद्देश्य अलग-अलग सेवाओं के लिए अलग-अलग ऐप की जरूरत को कम कर यात्रियों को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराना है।
पुराने यूजर आईडी से कर सकेंगे लॉगिन
रेलवन ऐप की खास सुविधा सिंगल साइन-ऑन सिस्टम है। इसके तहत यात्री अपनी पुरानी या की यूजर आईडी से ही लॉगिन कर सकते हैं।
ऐप में रेलवे ई-वॉलेट की सुविधा भी दी गई है। इसके माध्यम से अनारक्षित टिकट खरीदने पर यात्रियों को 3 प्रतिशत छूट का लाभ मिलेगा।
यात्रियों से ऐप डाउनलोड करने की अपील
भोपाल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने यात्रियों से अपील की है कि वे समय रहते रेलवन ऐप डाउनलोड करें और अपनी पुरानी रेलकनेक्ट या यूटीएस ऑन मोबाइल आईडी को रेलवन ऐप पर स्थानांतरित करें।
उन्होंने कहा कि एकीकृत डिजिटल सेवाओं के माध्यम से यात्रियों को टिकट बुकिंग, यात्रा प्रबंधन और शिकायत समाधान की प्रक्रिया अधिक आसान और सुविधाजनक होगी।
