State

भोपाल में 146 करोड़ से बनेगा वंदे भारत ट्रेन मेंटेनेंस डिपो

पहले चरण में छह नई अनुरक्षण लाइनें बनेंगी, सितंबर 2027 तक काम पूरा करने का लक्ष्य

भोपाल। भोपाल में वंदे भारत ट्रेनों के रखरखाव के लिए अत्याधुनिक मेंटेनेंस डिपो का निर्माण तेजी से चल रहा है। भोपाल कोच फैक्ट्री परिसर में बन रहे इस डिपो के पहले चरण में 146 करोड़ रुपए की लागत से छह नई अनुरक्षण लाइनें तैयार की जाएंगी। परियोजना को सितंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद वंदे भारत ट्रेनों की नियमित जांच के साथ मध्यम और लंबे समय का रखरखाव भी भोपाल में हो सकेगा।

रेलवे बोर्ड ने इस परियोजना को 7 अक्टूबर 2025 को मंजूरी दी थी। निर्माण कार्य 13 जून 2026 से शुरू हुआ। वर्तमान में रानी कमलापति स्टेशन स्थित डिपो में वंदे भारत ट्रेनों का केवल साप्ताहिक निरीक्षण किया जाता है। नया डिपो बनने से रखरखाव की सुविधाएं बढ़ेंगी और ट्रेनों को दूसरे स्थानों पर भेजने की जरूरत कम होगी।

LHB कोचों के लिए भी बनेंगी दो पिट लाइनें

इस परियोजना में एलएचबी कोच वाली ट्रेनों के रखरखाव के लिए भी दो नई पिट लाइनें बनाने का प्रस्ताव है। इससे अधिक ट्रेनों के रेक का कम समय में रखरखाव किया जा सकेगा और मौजूदा सुविधाओं पर दबाव कम होगा।

प्रशासनिक भवन का निर्माण जारी

डिपो परिसर में वाशिंग पिट की दीवारों और फुटिंग की कास्टिंग, प्रशासनिक भवन, इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग बिल्डिंग और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के निर्माण का काम चल रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद भोपाल में आधुनिक ट्रेनों के रखरखाव की क्षमता बढ़ेगी और रेल परिचालन को भी सुविधा मिलेगी।

Related Articles