State

नगरीय प्रशासन आयुक्त ओर निगमायुक्त ने हाई टेक गौ शाला का किया निरीक्षण

भोपाल। ग्राम बरखेड़ी डोब में बन रही सुरभी हाईटेक गौशाला दिसंबर तक शुरू करने की तैयारी है। नगरीय प्रशासन आयुक्त संकेत भोंडवे ने नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के साथ गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौशाला में बेहतर सुविधाएं, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और सौंदर्यीकरण के काम को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।

गौशाला का भूमिपूजन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 23 नवंबर 2024 को किया था। उस समय निर्माण कार्य नौ महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन बजट की कमी के कारण करीब छह महीने काम बंद रहा। पिछले महीने राशि मिलने के बाद निर्माण दोबारा शुरू किया गया है। इस परियोजना के लिए स्मार्ट सिटी से राशि उपलब्ध कराई जा रही है।

गौशाला के लिए करीब 15 करोड़ रुपये का बजट रखा गया था, जिसमें से अब तक लगभग 7 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। फिलहाल चार शेड के बजाय तीन शेड तैयार किए जा रहे हैं। तीनों शेड का ढांचा पूरा हो चुका है। प्रत्येक शेड में करीब 500 गायों को रखने की व्यवस्था होगी। पहले चरण में 2 हजार गायों को रखने का लक्ष्य है।

गौशाला में बीमार गायों के उपचार के लिए आईसीयू और जनरल वार्ड भी बनाए जाएंगे। कुल 72 एकड़ जमीन पर 10 हजार गायों की क्षमता वाली गौशाला विकसित करने की योजना है। पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 50 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

Related Articles