ई-7 अरेरा कॉलोनी में इंस्टा पैच मशीन से सड़कों की मरम्मत, अयोध्या बायपास-महोली मार्ग पर सीसी रोड का काम शुरू

भोपाल, 18 नवंबर। शहर में सड़कों की मरम्मत और आवागमन को सुगम बनाने के लिए नगर निगम ने विभिन्न क्षेत्रों में संधारण और निर्माण कार्य शुरू कराए हैं। इसके तहत ई-7 अरेरा कॉलोनी में सड़कों के गड्ढे भरकर पैचवर्क कराया गया, वहीं अयोध्या बायपास से महोली मुख्य मार्ग पर नाली और सीमेंट कांक्रीट सड़क निर्माण का काम शुरू किया गया है।
निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर यांत्रिक विभाग के अमले ने जोन क्रमांक 10 के वार्ड 49 स्थित ई-7 अरेरा कॉलोनी की सड़कों का निरीक्षण किया। इस दौरान क्षतिग्रस्त हिस्सों और गड्ढों को चिह्नित कर उनकी मरम्मत कराई गई। यहां इंस्टा पैच मशीन से पैचवर्क किया गया, जिससे कम समय में सड़कों की मरम्मत का काम पूरा किया जा सका।
वहीं, जोन क्रमांक 16 के वार्ड 73 में अयोध्या बायपास से महोली मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण हटाने के बाद आरसीसी नाली का निर्माण शुरू कराया गया है। नाली का काम पूरा होने के बाद यहां सीमेंट कांक्रीट सड़क बनाई जाएगी। निगम के अनुसार शहर के अन्य क्षेत्रों में भी सड़कों के संधारण, मरम्मत और विकास कार्य कराए जा रहे हैं।





