State

वैशाली नगर में अब तक पानी के 68 नमूनों की जांच, सभी में शुद्धता मिली

भोपाल। वैशाली नगर में पेयजल की गुणवत्ता को लेकर नगर निगम द्वारा पानी के नमूनों की जांच लगातार की जा रही है। निगम के अनुसार, अब तक क्षेत्र से 68 जल नमूने एकत्र कर भौतिक परीक्षण किया गया है। सभी नमूनों में पानी शुद्ध पाया गया है।

बुधवार को निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर जलकार्य विभाग के अधिकारियों और जल परीक्षण टीम ने वैशाली नगर में जलापूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान 11 नमूने एकत्र कर मौके पर ही परीक्षण किया गया। जांच में पानी साफ पाया गया। नमूनों में दुर्गंध नहीं मिली और अवशिष्ट क्लोरीन की मात्रा भी पर्याप्त रही।

निगम अमले ने स्थानीय रहवासियों से चर्चा कर जलापूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। रहवासियों ने भी स्वच्छ पेयजल मिलने की बात कही।

निगम के अनुसार, शहर के अन्य क्षेत्रों में भी जल नमूनों का परीक्षण जारी है। अब तक पूरे शहर से 34 हजार 640 नमूने एकत्र कर मौके पर भौतिक परीक्षण किया गया है। निगम का कहना है कि पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और शिकायतों के निराकरण के लिए मैदानी स्तर पर निगरानी की जा रही है।

Related Articles