State

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से हर माह पैसे लेने का आरोप, समिति में उठा मामला

भोपाल। जिला पंचायत की स्वस्थ महिला एवं बाल विकास स्थाई समिति की बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से सेक्टर प्रभारी द्वारा हर माह पैसे लेने का आरोप उठाया गया। बैठक 18 नवंबर को सभापति श्रीमती चंद्रेश सुरेश राजपूत की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभा कक्ष में हुई।

बैठक में उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट ने महिला एवं बाल विकास अधिकारियों से मॉनिटरिंग पर सवाल उठाते हुए कहा कि बेरसिया ब्लॉक के रनाह सेक्टर प्रभारी पद्माकर परमार पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से हर माह पैसे मांगने की शिकायत मिली है। कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने का भी आरोप लगाया गया। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। विभागीय अधिकारी भारती ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

जाट ने नहार हॉस्पिटल, मालवीय नगर, न्यू मार्केट में गलत ऑपरेशन की शिकायत भी सीएमएचओ डॉ. मनीष शर्मा को दी। सीएमएचओ ने जांच का आश्वासन दिया। बैठक में ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर संचालित योजनाओं की समीक्षा भी हुई। सीएमएचओ ने ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों की नियुक्ति और नियमित मॉनिटरिंग की जानकारी दी।

Related Articles