State

घर-घर पहुंचकर लोगों को कचरा अलग रखने की समझाइश दे रहा निगम

गीला-सूखा कचरा, डायपर, सेनेटरी वेस्ट और घरेलू हानिकारक कचरे के लिए अलग डस्टबिन रखने पर जोर

भोपाल। शहर में कचरे का पृथक्कीकरण सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम का स्वास्थ्य विभाग घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रहा है। सोमवार को सभी जोन क्षेत्रों की रहवासी कॉलोनियों में कर्मचारियों ने लोगों से संवाद कर अलग-अलग तरह के कचरे को अलग डस्टबिन में रखने और कचरा वाहनों को भी अलग-अलग देने की समझाइश दी।

निगम कर्मचारियों ने रहवासियों को गीले और सूखे कचरे के अलावा डायपर, सेनेटरी वेस्ट और घरेलू हानिकारक कचरे को अलग रखने की जानकारी दी। जिन घरों में कर्मचारियों ने संपर्क किया, उनका रिकॉर्ड भी तैयार किया गया। निगम डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों के रूट और उनकी क्षमता के अनुसार अलग-अलग कचरे के परिवहन की निगरानी भी कर रहा है।

निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर यह अभियान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के तहत चलाया जा रहा है। रात में होने वाले कचरा संग्रहण में भी पृथक्कीकरण पर ध्यान दिया जा रहा है।

होटल, ढाबों, रेहड़ी-ठेले और हॉकर्स कॉर्नर संचालकों को दो बड़े डस्टबिन रखने और अलग-अलग कचरा वाहन में कचरा देने की समझाइश दी जा रही है। नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ स्पॉट फाइन की कार्रवाई भी की जा रही है। निगम का दावा है कि जनसंवाद के बाद घरों से एकत्र होने वाले कचरे की मात्रा में वृद्धि हुई है। अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles