न्यू मार्केट में सुबह 11 से शाम 7 बजे तक चली अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई

हॉकर्स को टीटी नगर स्टेडियम के पास हाट बाजार भेजा, दुकानदारों को तय सीमा में सामान रखने की हिदायत
भोपाल। नगर निगम ने गुरुवार को न्यू मार्केट के अंदर और बाहर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। निगम के अमले ने सड़क और दुकानों के सामने सामान रखकर कारोबार करने वाले हॉकर्स को हटाया। उन्हें टीटी नगर स्टेडियम के पास हाट बाजार में निर्धारित जगह पर दुकान लगाने की समझाइश दी गई। साथ ही दुकानदारों को अपनी दुकानों का सामान तय सीमा के अंदर रखने के निर्देश दिए गए।
निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर विशेष टीम ने सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक न्यू मार्केट में कार्रवाई की। इस दौरान मुनादी कराकर दुकानदारों को अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी भी दी गई। दुकानों के बाहर निर्धारित सीमा से आगे रखा सामान हटवाया गया।
इसके अलावा निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने कोलार, चूना भट्टी, ललिता नगर, त्रिलंगा, होशंगाबाद रोड, साकेत नगर, आईएसबीटी, एमपी नगर, चार इमली, जवाहर चौक, रोशनपुरा, जहांगीराबाद, प्रभात चौराहा, अशोका गार्डन, वीआईपी रोड और लालघाटी सहित शहर के कई इलाकों में कार्रवाई की।
इस दौरान ठेले, पान पार्लर, गुमठियां, काउंटर, स्टैंड, बांस-बल्ली, बेंच, स्टूल और दुकानों के बाहर रखा सामान हटाया गया। भवन निर्माण सामग्री और अवैध छप्पर भी हटाए गए। कोलार रोड पर मंगलम शोरूम के सामने अवैध रूप से बनाए गए सात पिलर भी तोड़े गए। निगम ने कार्रवाई के दौरान पांच ठेले, छह काउंटर, दो स्टैंड, दो बेंच, दो स्टूल और अन्य सामान जब्त किया। निगम के अनुसार, सीएम हेल्पलाइन और महापौर हेल्पलाइन पर मिली शिकायतों के आधार पर भी कार्रवाई की गई।





