पूर्व सैनिकों की पेंशन समस्याओं के समाधान के लिए 21 नवंबर को स्पर्श आउटरीच कार्यक्रम

भोपाल। पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, विधवाओं और उनके आश्रितों की पेंशन संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए 21 नवंबर को भोपाल में स्पर्श आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में स्पर्श पोर्टल से जुड़ी जानकारी और आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
कार्यक्रम पीसीडीए (पेंशन), प्रयागराज के प्रतिनिधि एवं लाओ, बैरागढ़ द्वारा आयोजित किया जाएगा। आयोजन सुबह 10 बजे से सोमैया हॉल, 3 एम सेंटर, भोपाल में होगा।
कार्यक्रम में पेंशन, पीपीओ, स्पर्श पोर्टल, जीवन प्रमाण पत्र, बैंक विवरण में सुधार और पारिवारिक पेंशन सहित विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए मार्गदर्शन दिया जाएगा। साथ ही स्पर्श पोर्टल की कार्यप्रणाली और उससे जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
आयोजकों ने पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, विधवाओं और आश्रितों से अपील की है कि पेंशन या स्पर्श पोर्टल से संबंधित समस्या होने पर कार्यक्रम में उपस्थित होकर इसका लाभ उठाएं। अन्य लोगों से भी इस सूचना को जरूरतमंद हितग्राहियों तक पहुंचाने की अपील की गई है।





