भोपाल, 21 अगस्त। न
गर निगम के म्यूनिसिपल मजिस्ट्रेट और जिला खाद्य सुरक्षा प्रशासन की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को शहर के होटल, रेस्टोरेंट और बार में चलित न्यायालय के तहत कार्रवाई की। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच की गई। बंसल वन स्थित फ्लाइंग सोसर में दाल, पनीर की ग्रेवी और चावल में बदबू पाए जाने पर खाद्य सामग्री जब्त कर प्रकरण दर्ज किया गया। वहीं फ्रिज में वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थ एक साथ रखे मिले।
संयुक्त टीम ने रानी कमलापति स्टेशन क्षेत्र के बंसल वन में संचालित फर्जी कैफे, रोमियो लेन, फ्लाइंग सोसर, रास्ता, माय बार, आयबरी, कव्वाली, संकल्प रेस्टोरेंट एवं बार सहित अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। रोमियो लेन से जिला खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने पनीर और दही के नमूने लिए। इन नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा।
इसके बाद टीम ने मेपल ट्री होटल का भी निरीक्षण किया। यहां खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता से जुड़ी कमियां सामने आईं।
79 प्रकरण दर्ज, 5.79 लाख रुपये का जुर्माना
मानक स्तर की व्यवस्थाएं नहीं मिलने पर म्यूनिसिपल मजिस्ट्रेट श्रेणी के अधिकारी तरुणेंद्र प्रताप सिंह ने खाद्य सुरक्षा नियमों और मध्यप्रदेश नगर पालिक निगम अधिनियम के तहत 79 प्रकरण दर्ज कर कुल 5 लाख 79 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
कार्रवाई के दौरान निगम के उपायुक्त हीरेंद्र सिंह कुशवाह, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के पंकज श्रीवास्तव और अरुणेश पटेल सहित नगर निगम का स्वास्थ्य अमला, अतिक्रमण अमला और पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने खाद्य प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण से संबंधित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
