सीवेज का पानी नाली में छोड़ा, 20 परिवार परेशान

-संतोषी विहार के पीछे 400 फीट लंबी नाली में भरा गंदा पानी
-एक साल से शिकायत के बाद भी समाधान नहीं
भोपाल, 23 नवंबर. गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के नरेला स्थित संतोषी विहार के पीछे बनी करीब 400 फीट लंबी नाली रहवासियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। भवानी धाम फेस-2 के लोगों द्वारा बनवाई गई इस नाली में जगह-जगह जिग-जैग मोड़ हैं। आरोप है कि इसमें सीवेज का पानी भी जोड़ दिया गया है, जिससे गंदा पानी जमा रहता है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। यह समस्या जोन-16 के वार्ड-68 की है। संतोषी विहार के करीब 20 परिवार पिछले एक साल से इससे परेशान हैं। रहवासियों का कहना है कि नाली में सीवेज का पानी छोडऩे के लिए चैंबर भी बनाया गया है। इससे आसपास के घरों में मच्छर फैल रहे हैं और दुर्गंध की समस्या बनी रहती है। रहवासियों के अनुसार, इस मामले में नगर निगम मुख्यालय, जोन कार्यालय और वार्ड कार्यालय में कई बार शिकायत की गई। पार्षद को भी दो बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। आरोप है कि एक भाजपा नेता के मकान का सीवेज भी नाली में जोड़ा गया है।
इनका कहना है
मेरी जानकारी में नहीं हैं, इस मामले को कल ही दिखवा लेता हूं,
कपिल बंसल, प्रभारी, वार्ड 68
000000000000000



