बागसेवनिया के होटल में एमडी ड्रग्स के साथ सीहोर का युवक गिरफ्तार, 80 हजार का मशरूका जब्त

भोपाल। क्राइम ब्रांच ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बागसेवनिया स्थित जलसा होटल के एक कमरे से 2.51 ग्राम एमडी ड्रग्स जैसा पदार्थ बरामद किया है। पुलिस ने मौके से सीहोर निवासी 34 वर्षीय युवक अनिल राठौर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक सैमसंग एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है।
क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जलसा होटल के कमरा नंबर 403 में एक युवक एमडी पाउडर लेकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने और जरूरी अनुमति लेने के बाद पुलिस टीम ने होटल मैनेजर की मौजूदगी में कमरे की तलाशी ली। यहां संदिग्ध युवक मिला, जिसकी पहचान अनिल राठौर के रूप में हुई। वह ग्राम बिलकिसगंज, जिला सीहोर का रहने वाला है।
तलाशी के दौरान उसके पास से पारदर्शी पन्नी में सफेद पाउडर मिला। पुलिस के प्रारंभिक परीक्षण में यह एमडी जैसा प्रतीत हुआ। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौलने पर इसका वजन 2.51 ग्राम निकला। पुलिस ने पदार्थ को जब्त कर सीलबंद कर दिया। इसकी वास्तविक पहचान रासायनिक जांच रिपोर्ट से होगी।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जब्त मोबाइल की मदद से मादक पदार्थ के स्रोत और उससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।





