भोपाल रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टला: चलती ट्रेन से गिरते ही RPF जवान ने थामा हाथ, बचाई यात्री की जान

भोपाल, । पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल के भोपाल रेलवे स्टेशन पर सतर्क रेल सुरक्षा बल (RPF) जवान की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। प्लेटफॉर्म पर तैनात प्रधान आरक्षक नितिन अमरोही ने चलती ट्रेन से गिरते एक यात्री को सही समय पर पकड़कर उसकी जान बचा ली। यह घटना रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और जवानों की तत्परता का जीवंत उदाहरण बन गई है।
चलती गाड़ी से गिरा यात्री, RPF जवान ने बचाई जान
घटना गाड़ी संख्या 20103 गोरखपुर एक्सप्रेस की है, जो जब भोपाल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 से रवाना हो रही थी, उस वक्त विदिशा निवासी राहुल सिंह राजपूत स्लीपर कोच के पायदान पर बैठा था। ट्रेन के गति पकड़ते ही वह असंतुलित होकर गिरने लगा। उसी समय ड्यूटी पर तैनात RPF के प्रधान आरक्षक नितिन अमरोही ने बिना देर किए उसे थाम लिया और ट्रेन के नीचे गिरने से बचा लिया।
टली बड़ी दुर्घटना, यात्री पूरी तरह सुरक्षित
इस त्वरित और साहसिक प्रयास के चलते यात्री को कोई शारीरिक चोट नहीं आई। यदि आरक्षक ने क्षणभर भी देर की होती, तो यह हादसा जानलेवा हो सकता था। इस घटना ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि रेलवे द्वारा तैनात सुरक्षा बल सिर्फ ड्यूटी निभा नहीं रहे, बल्कि यात्रियों की जान बचाने को हर पल तैयार हैं।
रेलवे अधिकारियों ने सराहा साहस, की यात्रियों से अपील
इस संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया ने कहा, “यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधान आरक्षक नितिन अमरोही की सतर्कता और साहस प्रेरणादायक है। यह संपूर्ण सुरक्षा बल के लिए अनुकरणीय उदाहरण है।”
पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा के दौरान कोच के दरवाजों या पायदानों पर बैठने से बचें और सतर्कता बरतें। आपकी छोटी सी सावधानी, आपकी और दूसरों की जान बचा सकती है।





