State

भीषण गर्मी में यात्रियों को राहत: भोपाल मंडल के 16 रेलवे स्टेशनों पर निःशुल्क पेयजल वितरण

भोपाल । पश्चिम मध्य रेलवे भोपाल मंडल द्वारा गर्मी के मौसम में रेल यात्रियों को राहत पहुंचाने के लिए विशेष पहल की जा रही है। मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के नेतृत्व में मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के लिए अतिरिक्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए भोपाल मंडल के 16 प्रमुख स्टेशनों पर स्वयंसेवी संस्थाओं और एनजीओ की मदद से निःशुल्क ठंडे पेयजल का वितरण किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों, विशेष रूप से सामान्य कोच में सफर करने वाले लोगों को गर्मी से राहत प्रदान करना है।

16 स्टेशनों पर चल रहा सेवा अभियान

यह सुविधा बीना रेलवे स्टेशन, विदिशा रेलवे स्टेशन, नर्मदापुरम रेलवे स्टेशन, संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन, भोपाल रेलवे स्टेशन, गुना रेलवे स्टेशन और शाजापुर रेलवे स्टेशन सहित कुल 16 रेलवे स्टेशनों पर संचालित की जा रही है।

इसके अलावा अशोकनगर, गंजबासौदा, खिरकिया, हरदा, मूंगावली, बदरवास, मंडी बामोरा, रूठियाई और ब्यावरा राजगढ़ जैसे स्टेशनों पर भी स्वयंसेवक यात्रियों को पेयजल उपलब्ध करा रहे हैं।

स्वच्छता और सेवा भावना पर विशेष ध्यान

रेलवे अधिकारियों के अनुसार पेयजल वितरण के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और स्वच्छ पानी उपलब्ध हो सके। स्वयंसेवक सेवाभाव के साथ यात्रियों को पानी पिलाने का कार्य कर रहे हैं।

सौरभ कटारिया ने कहा कि भोपाल मंडल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त पेयजल व्यवस्था से विशेष रूप से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को भीषण गर्मी में काफी राहत मिल रही है।

रेलवे प्रशासन का मानना है कि बढ़ती गर्मी के बीच इस तरह की पहल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा दोनों के लिए महत्वपूर्ण साबित हो रही है।

Related Articles