जोन 19 में राजस्व वसूली प्रभावित, सहायक लेखापाल संजय सिंह परिहार निलंबित

भोपाल। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत नगर निगम के जोन क्रमांक 19 के निरीक्षण में सभी वार्डों में पीओएस मशीन उपलब्ध नहीं मिलीं। इसके कारण राजस्व वसूली प्रभावित होने की स्थिति सामने आई। मामले में लापरवाही पाए जाने पर सहायक लेखापाल संजय सिंह परिहार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों से पूछताछ में सामने आया कि पीओएस मशीनों को सक्रिय कराने की जिम्मेदारी सहायक लेखापाल संजय सिंह परिहार को सौंपी गई थी। आरोप है कि उन्होंने मशीनों को समय पर वापस नहीं किया, जिससे राजस्व वसूली का काम प्रभावित हुआ।

जांच के दौरान बैंक अधिकारियों ने बताया कि कुछ पीओएस मशीनें पहले से ही सक्रिय थीं। इसके बावजूद उनका वितरण वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति के बिना किए जाने की बात सामने आई। अधिकारियों ने जब फोन पर परिहार से इस संबंध में जानकारी मांगी तो वे स्पष्ट जवाब नहीं दे सके।

लापरवाही पर निलंबन की कार्रवाई

प्रकरण को शासकीय कार्य में लापरवाही और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना मानते हुए सहायक लेखापाल संजय सिंह परिहार के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई। निगम प्रशासन ने कार्रवाई के जरिए राजस्व वसूली व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि सरकारी संसाधनों के संचालन और राजस्व संग्रहण में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Exit mobile version