State

35 किलोमीटर साइकिल चलाकर दफ्तर पहुंचे जिला पंचायत उपाध्यक्ष, बोले- सप्ताह में एक दिन साइकिल से करूंगा सफर

भोपाल । मोहन जाट ने सोमवार को पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश देते हुए साइकिल से कार्यालय पहुंचकर अनूठी पहल की। उन्होंने अपने गांव कनेरा से पुराना सचिवालय स्थित जिला पंचायत कार्यालय भोपाल तक लगभग 35 किलोमीटर का सफर साइकिल से तय किया।

भीषण गर्मी के बीच मोहन जाट ने यह दूरी करीब ढाई घंटे में पूरी की। उन्होंने बताया कि यह पहल प्रधानमंत्री की उस अपील से प्रेरित है, जिसमें नागरिकों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए छोटे-छोटे प्रयास करने का आग्रह किया गया है।

सप्ताह में एक दिन साइकिल से जाएंगे कार्यालय

मोहन जाट ने कहा कि अब वे सप्ताह में एक दिन साइकिल से कार्यालय आया करेंगे। उनका मानना है कि जनप्रतिनिधियों द्वारा ऐसे प्रयास किए जाने से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और लोग स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होते हैं।

उन्होंने कहा कि साइकिल चलाने से न केवल स्वास्थ्य बेहतर रहता है, बल्कि ईंधन की बचत और प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलती है। बढ़ती गर्मी और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच इस तरह की पहल समाज को नई दिशा दे सकती है।

दोपहर की गर्मी में पूरा किया सफर

जानकारी के अनुसार, मोहन जाट सोमवार दोपहर करीब 12 बजे ग्राम कनेरा से रवाना हुए और लगभग ढाई बजे जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे। तेज गर्मी के बावजूद उन्होंने पूरे उत्साह के साथ यह यात्रा पूरी की।

उनकी इस पहल की चर्चा जिला पंचायत कार्यालय सहित प्रशासनिक हलकों में भी रही। कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने इसे फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता से जुड़ा प्रेरणादायक कदम बताया।

Related Articles