State

गर्मियों में रेल यात्रियों की प्यास बुझाएगा भोपाल मंडल : स्काउट एंड गाइड द्वारा भोपाल और इटारसी रेलवे स्टेशनों पर निःशुल्क जल सेवा शुरू

भोपाल, । गर्मी के मौसम में यात्रियों की सुविधा और सेवा भाव को केंद्र में रखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल द्वारा भोपाल और इटारसी रेलवे स्टेशनों पर नि:शुल्क जल सेवा का शुभारंभ किया गया है। मंडल रेल प्रबंधक श्री देवाशीष त्रिपाठी के मार्गदर्शन में यह पहल भारत स्काउट एवं गाइड, भोपाल मंडल द्वारा चलाई जा रही है। यह सेवा 16 अप्रैल से लेकर 15 जून 2025 तक लगातार दो माह तक जारी रहेगी, जिसमें कुल 50 स्काउट रोवर्स और लीडर्स यात्रियों की सेवा में तत्पर रहेंगे।

भोपाल स्टेशन पर गरिमामयी शुभारंभ
इस सेवा का उद्घाटन भोपाल रेलवे स्टेशन पर स्टेशन प्रबंधक श्री आर. के. मिश्रा, स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य), मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक श्री सुनील वर्गीश और वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (कैरेज एंड वैगन) श्री धर्मेश झा की उपस्थिति में संपन्न हुआ। उद्घाटन के साथ ही स्काउट्स की टीम ने प्लेटफॉर्म पर ट्रेनों में सवार यात्रियों को ठंडा पेयजल वितरण शुरू कर दिया, जिससे यात्रियों को ट्रेन से उतरने की जरूरत नहीं पड़ती।

रेलवे स्टेशन पर जल सेवा – एक सामाजिक संदेश
रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए पहले से ही वॉटर कूलर और स्वच्छ पेयजल नलों की सुविधा मौजूद है, लेकिन भारत स्काउट एंड गाइड की यह पहल सेवा भाव का प्रतीक है, जो हर वर्ष गर्मियों में लाखों यात्रियों को राहत देती है। इस अभियान में समाजसेवी संस्थाएं भी सक्रिय सहयोग कर रही हैं।

11 रेलवे स्टेशनों पर गैर-सरकारी संगठनों का योगदान
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया ने जानकारी दी कि वर्तमान में भोपाल मंडल के 11 प्रमुख रेलवे स्टेशनों — भोपाल, इटारसी, सांची, खिरकिया, हरदा, नर्मदापुरम, संत हिरदाराम नगर, विदिशा, गंजबासौदा, अशोकनगर और रूठियाई — पर कुल 11 एनजीओ नि:शुल्क जल सेवा के कार्य में संलग्न हैं। ये संगठन यात्रियों को पानी पिलाने के साथ-साथ खाली बोतलों में ठंडा पानी भरने की सेवा भी प्रदान करते हैं।

रेल प्रशासन की अपील: सेवा कार्य में जुड़ें और मानवता की मिसाल बनें
मंडल रेल प्रशासन ने इन संस्थाओं को स्टेशन परिसर में जल सेवा संचालन की अधिकृत अनुमति दी है और अन्य सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों, एनजीओ, व रोटरी क्लबों से भी इस सेवा से जुड़ने की अपील की है। गर्मी की तपिश में कोई भी यात्री प्यासा न रहे, यही इस पहल का मूल उद्देश्य है।

रेलवे प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मानव सेवा की इस पुनीत पहल में सभी सहभागियों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।

Related Articles