State

फिजिक्सवाला ने उच्च शिक्षा में रखा कदम, पंजाब के पटियाला में शुरू होगी डिजिटल यूनिवर्सिटी

जुलाई 2027 से पहला शैक्षणिक सत्र शुरू करने की तैयारी, पांच संकायों में स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम होंगे संचालित

नई दिल्ली। ऑनलाइन शिक्षा के क्षेत्र में पहचान बनाने वाली कंपनी फिजिक्सवाला (पीडब्ल्यू) अब विश्वविद्यालय स्तर की पढ़ाई भी शुरू करने जा रही है। कंपनी ने पंजाब के पटियाला में फिजिक्सवाला डिजिटल यूनिवर्सिटी की स्थापना की है। इसके जरिए कंपनी स्कूली शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी अपनी सेवाओं का विस्तार करेगी। विश्वविद्यालय का संचालन पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा।

पंजाब सरकार ने 29 अक्टूबर 2026 को फिजिक्सवाला डिजिटल यूनिवर्सिटी, पटियाला अधिनियम-2026 को अधिसूचित किया था। इससे पहले 23 अक्टूबर को राज्यपाल ने इसे मंजूरी दी थी। फिजिक्सवाला की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी नेक्स्टसीड फाउंडेशन विश्वविद्यालय की प्रायोजक संस्था होगी। इसका मुख्यालय पटियाला में रहेगा और संचालन स्व-वित्तपोषित मॉडल पर किया जाएगा।

विश्वविद्यालय में पढ़ाई के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित तकनीक का इस्तेमाल होगा। इसमें लाइव कक्षाएं, अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन और दुनिया भर के शिक्षाविदों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। मोबाइल के जरिए पढ़ाई को आसान बनाने के साथ कम इंटरनेट स्पीड वाले क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक भी ऑनलाइन शिक्षा पहुंचाने पर जोर रहेगा।

विश्वविद्यालय का पहला शैक्षणिक सत्र जुलाई 2027 में शुरू करने का लक्ष्य है। यहां पांच संकायों के तहत पाठ्यक्रम संचालित करने की योजना है। इनमें बिजनेस एवं मैनेजमेंट, कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी, ह्यूमैनिटीज एवं सोशल साइंसेज, जर्नलिज्म एवं मीडिया कम्युनिकेशन तथा स्किल्स एवं वोकेशनल स्टडीज शामिल हैं।

इन संकायों में स्नातक और स्नातकोत्तर डिग्री पाठ्यक्रमों के साथ बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं, एआई आधारित डिजिटल मार्केटिंग और सोशल मीडिया मार्केटिंग के सर्टिफिकेट कोर्स भी शुरू करने की योजना है। हालांकि, पाठ्यक्रमों का संचालन यूजीसी की मान्यता और अन्य जरूरी नियामकीय मंजूरियों के अधीन होगा।

फिजिक्सवाला के संस्थापक अलख पांडे के अनुसार, कंपनी का उद्देश्य कम खर्च में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाना है। डिजिटल यूनिवर्सिटी के माध्यम से इसी सोच को उच्च शिक्षा तक ले जाने का प्रयास किया जा रहा है।

रोजगार से जुड़ी पढ़ाई पर जोर

विश्वविद्यालय के ढांचे में ऑनलाइन और ओपन डिस्टेंस लर्निंग के साथ माइक्रो-क्रेडेंशियल के जरिए हासिल किए गए क्रेडिट को आगे की पढ़ाई में इस्तेमाल करने का प्रावधान भी रखा गया है। विद्यार्थियों की शिकायतों के समाधान के लिए स्वतंत्र लोकपाल की व्यवस्था होगी। विश्वविद्यालय को यूजीसी के ऑनलाइन और ओपन डिस्टेंस लर्निंग से जुड़े नियमों का पालन करना होगा।

इस पहल के पीछे उच्च शिक्षा को रोजगार और उद्योगों की जरूरतों से जोड़ने की चुनौती भी है। नीति आयोग की रिपोर्ट ‘रीइमैजिनिंग स्किलिंग फॉर विकसित भारत@2047’ में आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25 के आंकड़ों के हवाले से बताया गया है कि केवल 8.25 प्रतिशत स्नातक ही ऐसे रोजगार में हैं, जो उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप हैं। ऐसे में विश्वविद्यालय में डिग्री के साथ व्यावहारिक कौशल और करियर आधारित पाठ्यक्रमों पर भी जोर देने की योजना है।

Related Articles