State

फंदा कलां ग्राम सभा ने सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट का किया विरोध, प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित

भोपाल, 23 नवंबर. फंदा कलां ग्राम पंचायत की विशेष ग्राम सभा में प्रस्तावित सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट की स्थापना का कड़ा विरोध किया गया। ग्राम सभा में 353 सदस्यों की उपस्थिति में मेसर्स अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड की प्रस्तावित इकाई को लेकर पर्यावरण, कृषि और जनस्वास्थ्य पर पडऩे वाले दुष्प्रभावों पर चर्चा की गई। इसके बाद यूनिट स्थापना के लिए पूर्व में जारी सभी अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) और प्रस्ताव निरस्त करने का निर्णय लिया गया। ग्राम सभा में बताया गया कि सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट से निकलने वाली धूल से वायु प्रदूषण बढ़ेगा, जिससे दमा, ब्रोंकाइटिस और सिलिकोसिस जैसी बीमारियों का खतरा रहेगा। धूल के कारण खेतों की मिट्टी और फसलों पर भी असर पड़ेगा, जिससे कृषि उत्पादन घटने और किसानों की आजीविका प्रभावित होने की आशंका है। यूनिट के संचालन में भूजल का भारी दोहन होने से जलस्तर गिरने तथा स्थानीय जलस्रोतों के प्रदूषित होने की चिंता जताई गई। भारी वाहनों की आवाजाही से ध्वनि प्रदूषण और सडक़ दुर्घटनाओं का खतरा भी बताया गया। ग्राम सभा ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर यूनिट स्थापना का विरोध किया और शासन-प्रशासन से अनुमति तत्काल निरस्त करने की मांग की। प्रस्ताव की प्रतिलिपि कलेक्टर, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और जिला पंचायत सहित संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है।

Related Articles