गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में मुख्य मार्ग बंद, तीन दिन से परेशान हो रहे लोग

भोपाल। गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर टेंट लगाकर रास्ता बंद किए जाने से लोगों को बीते तीन दिनों से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क बंद होने के कारण यहां से आने-जाने वाले लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।

गुरुवार को समाजसेवी और पर्यावरणविद् ने सोशल मीडिया पर सड़क बंद किए जाने के वीडियो और फोटो साझा कर पुलिस प्रशासन से टेंट हटाकर मार्ग खोलने की मांग की।

स्थानीय लोगों के अनुसार शुरुआत में उन्हें लगा कि किसी कार्यक्रम के चलते सड़क पर टेंट लगाया गया है। लोगों ने इसे के किसी आयोजन से जोड़कर देखा, लेकिन जब तीन दिन बाद भी टेंट नहीं हटाया गया तो मामले की जानकारी लेने के लिए टाटा मोटर्स प्रबंधन से संपर्क किया गया। जांच में सामने आया कि सड़क पर वाहनों की पार्किंग रोकने के उद्देश्य से औद्योगिक क्षेत्र एसोसिएशन द्वारा मार्ग को बंद किया गया है।

फायर स्टेशन और सरकारी कार्यालय भी प्रभावित

समाजसेवी उमाशंकर तिवारी ने बताया कि यह मार्ग केवल औद्योगिक इकाइयों के लिए ही नहीं, बल्कि कई महत्वपूर्ण स्थानों तक पहुंचने का रास्ता है। इसी मार्ग से फायर ब्रिगेड स्टेशन, नापतौल विभाग के संभागीय कार्यालय सहित कई कारखानों तक लोग पहुंचते हैं।

उन्होंने कहा कि सड़क बंद होने से बड़ी संख्या में कर्मचारियों, अधिकारियों और आम नागरिकों को परेशानी हो रही है। लोगों को घूमकर दूसरे रास्तों से जाना पड़ रहा है, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी हो रही है।

तिवारी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मार्ग नहीं खोला गया तो इस मामले की शिकायत कलेक्टर से की जाएगी। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक मार्ग को जल्द से जल्द आवागमन के लिए खोला जाए।

Exit mobile version