सांसद आलोक शर्मा और महापौर मालती राय ने यात्रियों का तिलक लगाकर किया स्वागत, नई सुविधाओं का शुभारंभ
भोपाल, 15 जून। राजधानी के राजा भोज एयरपोर्ट पर सोमवार को यात्री सुविधा दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न शहरों से आने वाले यात्रियों का पारंपरिक तरीके से तिलक लगाकर स्वागत किया गया और उन्हें विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में सांसद आलोक शर्मा, महापौर मालती राय और एयरपोर्ट संचालक रामजी अवस्थी सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यात्रियों के लिए नई सुविधाओं की शुरुआत
यात्री सुविधा दिवस के अवसर पर सांसद आलोक शर्मा और महापौर मालती राय ने एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए शुरू की गई नई जनसुविधाओं का शुभारंभ किया। इनमें सहज डेस्क, आधुनिक शौचालय सुविधा और अन्य यात्री सुविधाएं शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि इन सुविधाओं का उद्देश्य यात्रियों को एयरपोर्ट पर अधिक आरामदायक, सुविधाजनक और बेहतर अनुभव उपलब्ध कराना है।
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान महापौर मालती राय ने यात्रियों और एयरपोर्ट उपयोगकर्ताओं से पॉलीथीन एवं सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की अपील की।
उन्होंने एयरपोर्ट के सफाई मित्रों और अन्य कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ कपड़े और जूट के थैले भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
टच-फ्री तकनीक और आधुनिक सुविधाओं से बेहतर होगा अनुभव
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार यात्रियों, आगंतुकों, वाहन चालकों और अन्य उपयोगकर्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक टच-फ्री उपकरणों और उन्नत सुविधाओं को विकसित किया गया है।
नई सुविधाओं में बेहतर स्वच्छता मानकों वाले आधुनिक शौचालय शामिल हैं, जो यात्रियों को अधिक आरामदायक अनुभव प्रदान करेंगे। एयरपोर्ट प्रबंधन ने बताया कि ये पहल यात्री-केंद्रित सेवाओं और आधुनिक एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
कार्यक्रम में एयरपोर्ट संचालक रामजी अवस्थी सहित विमानतल के अधिकारी, कर्मचारी और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
