State

विश्व रक्तदान दिवस पर केंद्रीय जेल भोपाल में रक्तदान शिविर, 20 कर्मचारियों ने किया रक्तदान

भोपाल। विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देते हुए केंद्रीय जेल भोपाल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भोपाल और चिरायु मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, भोपाल के संयुक्त समन्वय से केंद्रीय जेल की जेल डिस्पेंसरी में आयोजित किया गया।

शिविर का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भोपाल के सचिव श्री सुनीत अग्रवाल की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय जेल भोपाल के जेल उप अधीक्षक श्री मगनू सिंह मरावी, सहायक जेल अधीक्षक श्री दिनेश मुवेल सहित जेल प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

रक्तदान शिविर में चिरायु मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने रक्त संग्रहण की पूरी प्रक्रिया को संपन्न कराया। शिविर में केंद्रीय जेल भोपाल के 20 कर्मचारियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने में योगदान दिया।

रक्तदान को बताया जीवन बचाने वाला संकल्प

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक सेवा नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम है। नियमित रक्तदान से अस्पतालों में रक्त की उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिलती है और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर उपचार मिल पाता है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा समय-समय पर जेलों में बंदियों और जेल कर्मचारियों के हित में स्वास्थ्य, कानूनी सहायता और जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में विश्व रक्तदान दिवस पर आयोजित यह पहल स्वास्थ्य सेवा और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने वाली रही।

Related Articles