State

सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही,15 विभागों को नोटिस

50 दिन से अधिक लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश

भोपाल, 23 नवंबर. मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण नहीं करने और लगातार लापरवाही बरतने वाले 15 विभागों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। सोमवार को कलेक्टर कार्यालय में हुई समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के लिए कहा गया। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में एडीएम महेन्द्र कवचे और जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी ने शिकायतों की समीक्षा की। उच्च शिक्षा, आयुष, वन, सामान्य प्रशासन, सामाजिक न्याय, जेल, अनुसूचित जाति कल्याण, लोक निर्माण, निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग, जल संसाधन, उद्योग नीति एवं निवेश प्रोत्साहन, खनिज, पर्यटन, खेल एवं युवक कल्याण और आपदा प्रबंधन विभाग में लापरवाही सामने आने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को 50 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने और बिना उचित कारण शिकायतों को दूसरे विभागों में हस्तांतरित नहीं करने के निर्देश दिए गए।
-अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों का निराकरण करें
एडीएम महेन्द्र कवचे ने विभागों में लंबित अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों का शासन के निर्देशानुसार तत्काल निराकरण करने को कहा। जल गंगा संवर्धन अभियान 2026-27 के लिए सभी विभागों को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। अभियान 7 अप्रैल से 30 जून तक संचालित होगा। कार्ययोजना में जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण और प्रगतिरत परियोजनाओं की समीक्षा भी शामिल रहेगी। कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग को भोपाल की सभी नहरों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं राजस्व अधिकारियों को अपने मूल दायित्वों को प्राथमिकता देने और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत सेवाएं निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराने के लिए कहा गया। बैठक में विभिन्न आयोगों से प्राप्त शिकायतों और जनप्रतिनिधियों के पत्रों का जवाब समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में एसडीएम और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles