आईएसबीटी से हटेंगी गैर संचालित बसें, फायर हाइड्रेंट भी लगेगा

जुलाई से किराया वसूलने और साइकिलों का पीपीपी मोड पर संचालन करने के निर्देश

भोपाल, 27 अक्टूबर. कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराज्यीय बस टर्मिनस (आईएसबीटी) परिसर में लंबे समय से खड़ी गैर संचालित बसों को हटाया जाएगा. इनके संचालकों को नोटिस जारी कर जुलाई से अब तक का किराया वसूलने के निर्देश दिए गए हैं. मंगलवार को नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने आईएसबीटी का निरीक्षण कर अधिकारियों को ये निर्देश दिए. निगम आयुक्त ने कहा कि बसों को केवल यात्रियों को बैठाने और उतारने की अवधि तक ही परिसर में रुकने की अनुमति दी जाए. आईएसबीटी को पार्किंग स्थल या गैरेज नहीं बनने दिया जाएगा. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि चार बसें 24 जुलाई 2026 से बस डिपो में खड़ी हैं. इस पर आयुक्त ने संबंधित संचालकों से किराया वसूलने और बसें हटाने के निर्देश दिए.
-सुरक्षा और सफाई पर जोर
आयुक्त ने परिसर में आग से सुरक्षा के लिए फायर हाइड्रेंट लगाने और बिजली की वायरिंग की जांच कराने को कहा. उन्होंने आईएसबीटी में नियमित साफ-सफाई और व्यापक स्तर पर धुलाई कराने के निर्देश भी दिए. वर्मा ट्रेवल्स के मैनेजर से चर्चा कर गैर संचालित बसों को हटाने के लिए कहा गया. जल्द ही अन्य ट्रेवल्स एजेंसियों के संचालकों के साथ बैठक भी की जाएगी.
-साइकिलों का पीपीपी मोड पर होगा संचालन
निरीक्षण में परिसर में रखी साइकिलों और इलेक्ट्रिक साइकिलों के संचालन की भी समीक्षा की गई. आयुक्त ने इनके संचालन के लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मोड पर निविदाएं जारी करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि साइकिलों और ई-साइकिलों की स्थिति का स्वयं परीक्षण करेंगे. निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त सुमित कुमार पांडे, उपायुक्त भुवन गुप्ता, चंचलेश गिरहारे सहित निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

Exit mobile version